फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: कलान में डग्गामार वाहनों के कारण डेढ़ घंटे तक लगा जाम

Wed, 19 Jun 2024 03:24 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर कलान क्षेत्र में सोमवार को लगा जाम। संवाद
विज्ञापन
कलान। बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर मंगलवार की दोपहर परौर तिराहा से बदायूं मार्ग तक जाम लग गया। सवारियां बैठाने के चक्कर में डग्गामार चालकों ने चौराहे पर वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर दिए। इससे अन्य वाहनों के चक्के थम गए। इन्हें हटाने पहुंची पुलिस फोर्स भी जाम में फंस गई। कड़ी मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका।
विज्ञापन


बदायूं और जलालाबाद मार्ग पर परिवहन निगम की बसें भी चलती हैं, लेकिन डग्गामार वाहनों के चालक यात्रियों को गंतव्य तक जल्दी पहुंचाने का झांसा देकर अपने वाहनों में बैठा लेते हैं। इसके लिए परौर तिराहे के आसपास सुबह पांच बजे के बाद से ही डग्गामार चालक डेरा जमाने लगते हैं। इस कारण यहां पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। ऐसे में हाईवे पर दोनों दिशाओं में भारी वाहनों के आने पर जाम लग जाता है।
मंगलवार दोपहर भी यही हुआ। सवारियां भरने के फेर में डग्गामार वाहनों से दोनों फुटपाथ घिरे तो हाईवे पर दोपहर करीब दो बजे जाम लग गया। सूचना पर भी पुलिस नहीं पहुंची। इससे हाईवे के साथ ही उससे जुड़े अन्य दोनों रास्तों पर भी यातायात में रुकावट आने लगी।
विज्ञापन


आधा घंटे के अंदर हाईवे पर जाम में फंसे ट्रक, ट्रैक्टर, ट्रॉली, कार आदि वाहनों की करीब एक किमी लंबी कतार लग गई, जिन लोगों को यहां से जलालाबाद अथवा परौर जाना था, उन्हें भी लगभग दो सौ मीटर आगे तक दोनों रास्ते बंद मिले।

भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल हो गया। सूचना पर जाम खुलवाने के लिए पुलिस की जीप से फोर्स लेकर पहुंचे कस्बा इंचार्ज यशपाल सिंह भी जाम में फंस गए।

उन्हें अपना वाहन वहीं छोड़ तिराहे तक पैदल जाना पड़ा। पुलिस को हाईवे पर बेतरतीब खड़े वाहन हटाकर जाम खुलवाने में करीब एक घंटे तक पसीना बहाना पड़ा। जाम में फंसे वाहनों को निकलने में ही करीब आधा घंटा लग गया। इसके बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। कलान थाना प्रभारी प्रभाषचंद्र ने बताया कि बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक ट्रक खराब हो जाने से जाम लग गया था। ट्रक रास्ते से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। सवारियां ढोने वाले निजी यात्री वाहनों के चालकों को चेतावनी दी जा रही है। हाईवे पर दौड़ते पाए गए ई-रिक्शा वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें