0 थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात की घटना, पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया
0 कांट से विलंब से आई बरात के बाद गाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई, सुबह हुआ राजीनामा
संवाद न्यूज एजेंसी
निगोही। थाना क्षेत्र के एक गांव में आई बरात में बैंडमास्टर द्वारा फरमाइश का गाना नहीं गाने पर दो पक्ष के लाेग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने पर चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया। सुबह दोनों पक्षों में समझौता हो गया ।
निगोही क्षेत्र के गांव महुराइन निवासी व्यक्ति की बेटी की बरात कांट थाने के एक गांव से आई थी। बरात देरी से आने के बाद रात 12 बजे द्वारचार की रस्म हो रही थी। तभी नशे में धुत गांव के दो युवक आ गए और बैंडवालों से पसंद के गाने का दबाव बनाने लगे। तभी वधू पक्ष के युवक ने आकर दूसरे गाने की फरमाइश रख दी।
इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और नोकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। विवाद होने पर समारोह में भगदड़ मच गई। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास करने लगी। इस बीच दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट के दौरान रुपये निकाल लेने का आरोप लगाने लगे। बरात में विवाद की सूचना पर थाने का फोर्स पहुंच गया और वधू के दो भाइयों, गांव के युवक व एक बराती को पकड़कर थाने ले आई। माहौल शांत होने के बाद शादी की रस्मों को संपन्न कराया गया। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। बहू की विदाई भी हो गई है।