फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: छुट्टा पशु के अलावा और कोई बड़ी दिक्कत नहीं

Sun, 05 May 2024 02:18 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
गांव मुड़िया कुर्मियात में चौपाल में चुनावी चर्चा करते लोग। संवाद
विज्ञापन
पुवायां। मैगलगंज पूरनपुर हाईवे पर पुवायां-बंडा के बीच लगभग 2100 वोटरों वाले गांव मुड़िया कुर्मियात में राकेश लाला के दरवाजे पर शनिवार शाम चौपाल जमी थी। यहां लोग चुनावी चर्चा में जुटे थे।
विज्ञापन

बातचीत में सामने आया कि सबसे बड़ा मुद्दा छुट्टा पशु हैं। लोग डबल इंजन की सरकार से लेकर कांग्रेस, सपा, बसपा सभी पार्टियों के बारे में बात कर रहे थे, लेकिन हवा किसकी है, यह पूछने पर चुप्पी साध गए। बोले, वोटर अपने मन की करता है। समय यह है कि बाप और बेटे तक अलग-अलग पार्टियों को वोट करते हैं। बहुत कुरेदने पर भी लोग यह बताने के लिए तैयार नहीं हुए कि वह किसके पक्ष में हैं।
विवेक वर्मा, राकेश लाला, रामलड़ैते मिश्रा बोले कि इस सरकार में बिजली बहुत अच्छी मिल रही है। राशन, आवास, शौचालय आदि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया गया है, लेकिन किसान बेहद परेशान हैं। किसान सम्मान निधि मिल रही है, मगर छुट्टा पशु भारी नुकसान कर रहे हैं। बंदरों से भी लोग दुखी हैं। किसानों के परिवार का एक न एक सदस्य हर समय खेत पर मौजूद रहता है।
विज्ञापन

बोले कि महंगाई बढ़ी है, लेकिन लाभ यह हुआ है कि गैस सिलिंडर, यूरिया आदि के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ती है। गुंडाराज कम हुआ है। नलकूपों के लिए बिजली निशुल्क करना अच्छा कदम है। बबलू ने कहा कि कई लोगों के राशन कार्ड कटवा दिए गए हैं, जिनके पास कार्ड हैं, उनको पूरा राशन नहीं मिल रहा है। नए कार्ड बनने चाहिए।
दिलीप कुमार, अशोक कुमार, छोटेलाल की पीड़ा है कि गेहूं खरीद के लिए तो अधिकारी बहुत जोर देते हैं, लेकिन धान खरीद के समय किसानों का बहुत शोषण होता है। केंद्र पर धान बेचने में बड़ी समस्या होती है। चुनाव में किसका जोर है, यह पूछने पर बोले कि, जिसका जहां मन होगा वोट देगा। इस बात मतदाता चुप्पी साधे बैठा है और किसी के मन की थाह लेना बहुत कठिन है। पूछा कि आप किसको वोट करेंगे, तो बोले कि हम किसहुका का काहे बतावैं कि वोट किसका दिहीं। जो पार्टी अच्छी लगिही, वहै का वोटु दिहीं। हममें प्रत्याशी से नाइं पार्टी से मतलबु हइ।
-
मजबूत विपक्ष जरूरी, कम हो महंगाई
गांव मुड़िया कुर्मियात की चौपाल में यह बात सामने आई अब मतदाता हर छोटी-बड़ी बात पर नजर रखता है। मतदाता भले की कम पढ़ा-लिखा हो, लेकिन वह कढ़ा जरूर है। अशिक्षित गंगाराम, संतोष कुमार ने चुनावी चर्चा के दौरान कहा कि विपक्षु मजबूत होनो चाहिए। कमजोर विपक्ष के कारण बड़ी पार्टी वाले मनमानी करन लगत हइं। लोगों ने कहा कि राम मंदिर बनने से तमाम लोग खुश हैं। देश मजबूत है, सरहदों की रक्षा में भी बड़ा काम हुआ है, लेकिन सरकार को महंगाई कम करने के प्रयास करने चाहिए।
-
बड़े नेताओं के नाम पर होगा मतदान
चौपाल में ओमकार, अशोक कुमार, अखिलेश्वर, अनिल कुमार बोले कि चुनाव में किस पार्टी से कौन खड़ा है, यह बड़ा मुद्दा नहीं है। इस बार के चुनाव में वोट बड़े नेताओं के नाम पर पड़ेंगे और लोग बड़े नेताओं से ही प्रभावित भी हैं। स्थानीय नेताओं से न तो लोग खुश हैं और न नाराज। बोले कि चुनाव जीतने के बाद स्थानीय नेता वापस हाल पूछने नहीं आते। प्रधानी, बीडीसी, जिला पंचायत और विधानसभा चुनाव में जो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है, उसकी साख को भी देखकर वोट करते हैं, लोकसभा चुनाव में ऐसा नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें