शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्रों के साथ ही त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। साथ ही बाजारों में चहल-पहल भी बढ़ गई। खासतौर से ऑटोमोबाइल व सराफा बाजार में इस त्योहारी सीजन से काफी उम्मीद है। कारोबारियों का कहना है कि ग्राहकों को हर खरीद पर विशेष ऑफर प्रदान किए जाएंगे।
श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद शारदीय नवरात्र के पहले दिन ही ऑटाेमोबाइल की एजेंसियों पर ग्राहक उमड़ने शुरू हो गए थे। उन्होंने बाइक, स्कूटी, कार आदि पर ऑफरों की जानकारी ली और वाहन बुक कराए। एजेंसी के साथ ही ऑनलाइन बिजनेस साइटों से भी वाहनों की खरीदारी की जा सकती है, जिन पर एजेंसी से बेहतर ऑफर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें छूट और उपहार भी शामिल रहेंगे। एजेंसी पर जहां बाइक की खरीद पर पांच हजार की छूट मिल रही है। ऑनलाइन खरीद पर 11 हजार तक का लाभ लिया जा सकता है।
सराफा बाजार के शोरूमों पर भी ग्राहक पहुंच रहे हैं। जो लोग श्राद्ध में खरीदारी करने से बच रहे थे, उन्होंने शारदीय नवरात्र के शुरू होते ही आभूषण खरीदने शुरू कर दिए हैं। सराफा कारोबारियों ने बताया कि अधिकांश लोग श्राद्ध में आभूषण खरीदने से परहेज करते हैं। नवरात्र में आभूषण खरीदना शुभ भी माना जाता है। इसलिए लोग सोने-चांदी के आभूषण की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। त्योहारी सीजन में अच्छा कारोबार होने की संभावना है।
कम वजन में आभूषणों का नवीनतम संग्रह उपलब्ध
सराफा शोरूम के मैनेजर रमेश कुमार ने बताया कि नवरात्रों पर आभूषणों की अच्छी खरीदारी होने की उम्मीद है। इसको ध्यान में रखकर नवीनतम संग्रह उपलब्ध है। हल्के आभूषणों की मांग बढ़ी है, इसलिए दो से चार ग्राम की रिंग, 10 ग्राम तक मंगलसूत्र, 25 ग्राम में सोने की चूड़ियां मिलेंगी। बताया कि सोना-चांदी के दाम बढ़े हैं और आगे भी बढ़ते रहेंगे, ऐसे में आभूषणों की खरीदारी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पारंपरिक रूप से खरीदारी करने के साथ ही लोग शादी-बरात के लिए भी आभूषण खरीदेंगे।
-
नवरात्र के पहले दिन ही बिकी गई 38 बाइक और स्कूटी
ऑटो मोबाइल एजेंसी के मैनेजर अनुज कपूर ने बताया कि शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस ही 38 बाइक और स्कूटी बिक गई थीं। अब तक 100 गाड़ियां बिक चुकी हैं। चारपहिया वाहनों की खरीदारी भी अच्छी होती है। इस बार उम्मीद है कि पहले से 30 से 40 प्रतिशत लाभ ऑटो मोबाइल इंडस्ट्री को होने वाला है। नवरात्र के मौके पर कंपनी ने कई नए मॉडल में निकाले हैं। कई गाड़ियों के लिए लोगों ने बुकिंग भी कराई है। बताया कि दोपहिया वाहनों को ऑनलाइन साइटों से भी खरीदा जा सकता है। एजेंसी व ऑनलाइन तमाम ऑफर हैं।
शाहजहांपुर के टाउनहाल पुल स्थित एक शोरूम पर आभूषण पसंद करतीं महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर के टाउनहाल पुल स्थित एक शोरूम पर आभूषण पसंद करतीं महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर के टाउनहाल पुल स्थित एक शोरूम पर आभूषण पसंद करतीं महिलाएं। संवाद