कुर्रिया कलां क्षेत्र के बासखेड़ा गांव के गोशाला में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
कुर्रियाकलां। गर्रा की बाढ़ का पानी क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा के गोआश्रय स्थल में भर जाने से वहां गायों को रखने और उनके भरण-पोषण का संकट पैदा हो गया है।
उधर, चौहनापुर-अजीजगंज मार्ग पर खिरिया शेख गांव के पास दो दिन पूर्व बाढ़ से कटी सड़क अब तक ठीक नहीं कराए जाने से कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। बता दें कि बांसखेड़ा गोआश्रय स्थल में लगभग 300 गाय हैं। वहां पानी भर जाने से गायों को रखने और खिलाने की समस्या हो गई है।
वहां बनाए गए हजारों क्विंटल भूसा के कूप भी डूब गए हैं। कुर्रिया-चौहनापुर मार्ग पर कुटरा गांव के पास भी सड़क से पानी प्रहलादपुर गांव की तरफ तेजी से उतरने लगा है। जल्द ही खिरिया शेख के पास कटी सड़क से पानी नहीं रोका गया तो अन्य कई गांव जलमग्न हो जाएंगे। संवाद