निगोही में मौका-मुआयना करते इंस्पेक्टर अरविंद कुमार। स्रोत : जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। निगोही के गांव ऊनकलां में रेहान हसन के मकान में पीछे से सेंध लगाकर चोरों ने नकदी समेत लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार रात रेहान हसन परिवार समेत बरामदे में सो रहे थे। रात में चोरों ने मकान के पीछे दीवार में नकब लगा दी। उसमें भूसा भरा होने पर दूसरे कमरे में नकब लगाकर घुस गए। कमरे में बक्से का ताला तोड़कर जेवर व नकदी को चोरी कर लिया। सुबह जागने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
रेहान ने बताया कि बहन की शादी के लिए रखा पांच तोला सोने के जेवर, 70 हजार रुपये, बर्तन व कपड़े समेत लगभग पांच लाख से ज्यादा का माल चोरी हुआ है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम को लगाया गया है।