परौर। क्षेत्र के ग्राम कोहमी में दीवार लांघकर घर में घुसे बदमाशों द्वारा की गई लाखों की चोेरी का खुलासा एक सप्ताह बाद भी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठ रहे है।
12 जून की रात बदमाशों ने नन्हीं देवी के घर में घुसकर उनसे मारपीट की और उन्हें एक कमरे में बांधकर डाल दिया। बाद में 21 तोला सोना तथा डेढ़ किलो चांदी के जेवर समेत तीन लाख रुपये नकदी बटोरकर फरार हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस व क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया और घटना के खुलासे को विशेष टीम भी गठित की। लेकिन, एक हफ्ते बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी। हालांकि, थाना प्रभारी सोनी शुक्ला ने दावा किया कि घटना में लिप्त बदमाशों का सुराग लग चुका है और चोरी का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा। संवाद