शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के केरुगंज स्थित गल्ला मंडी में बेसन प्लांट में नकब लगाकर चोरों ने दो लाख 75 हजार की नकदी चोरी कर ली। सीसीटीवी फुटेज में आने से बचने के लिए चोरों ने कैमरों के आगे बोरी लगा दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला अजीजगंज निवासी अनमोल गुप्ता का गल्ला मंडी में बेसन प्लांट और गोदाम है। शनिवार की शाम सात बजे वह प्रतिष्ठान बंद कर चले गए। उनकी दुकान के पीछे भूखंड से चोरों ने नकब लगाकर अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद लोहे का दरवाजा तोड़कर गोदाम में प्रवेश कर गए। चोरों ने दुकान में रेजगारी, पूजा में रखी नोटों की गड्डी समेत दो लाख 75 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और भाग गए। सुबह दस बजे दुकान खोलने आने पर अनमोल को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर चौक कोतवाली पुलिस ने मौका-मुआयना किया। सीओ सिटी सौम्या पांडेय ने भी जानकारी ली। पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर चोरी की घटना से व्यापारियों में नाराजगी व्याप्त है।
डीवीआर की लीड भी निकाल दी
-अनमोल गुप्ता की दुकान और गोदाम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इस बात की जानकारी चाेरों को पहले से थी। दुकान में घुसने के बाद चोरों ने फुटेज से बचने के लिए खुद को खाली बोरी के पीछे छिपा लिया। उसी बोरी को कैमरे के आगे लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कुछ कैमरों की डीवीआर की लीड भी निकाल दी थी।
लगातार दो चोरियां, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
-चौक कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने लगातार दो चोरियों की घटना को अंजाम देकर गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार की रात आनंद विहार कॉलोनी निवासी अनुदेशक गौरी शंकर श्रीवास्तव के घर से सोने का हार, चेन, अंगूठी और नकदी समेत लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
-बेसन प्लांट में चोरी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
सौम्या पांडेय, सीओ सिटी