शाहजहांपुर। हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय 70वीं अंतरजनपदीय पुलिस पुरुष/महिला फुटबॉल प्रतियोगिता की बृहस्पतिवार को शुरुआत हुई। प्रतियोगिता में बरेली जोन की सात टीमों ने प्रतिभाग किया। पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर ने अपने मुकाबले जीते। शाहजहांपुर की महिला टीम ने फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। शुक्रवार को बरेली और पीलीभीत के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
बृहस्पतिवार को पहला मैच पीलीभीत और मुरादाबाद की टीम के बीच खेला गया। पीलीभीत की टीम ने शुरुआत से मैच पर पकड़ बना ली। 15वें मिनट में कपिल ने गोल दाग दिया। इसके बाद 25वें मिनट में प्रवेश भाटी ने दूसरा गोल कर पीलीभीत की टीम को 2-0 से विजय दिलाई। इसी तरह महिला वर्ग में पीलीभीत की शिवानी की हैट्रिक के आगे रामपुर की टीम ने पिछड़ गई। पीलीभीत ने 4-0 से रामपुर को हराया है।
तीसरे मैच में पुरुष वर्ग में बरेली और संभल के मध्य खेला गया। बरेली टीम के प्रांजल ने लगातार दो गोल कर टीम 4-0 से जीत दिलाई। इसी तरह चौथा मुकाबला बदायूं और रामपुर के बीच खेला गया। बदायूं के राहुल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। उन्होंने लगातार बढ़त बनाए रखी। इसके जरिये बदायूं ने रामपुर को 4-0 से हरा दिया। पांचवां मैच महिला वर्ग में पहला सेमीफाइनल शाहजहांपुर और संभल के बीच खेला गया। स्थानीय टीम की रितु व रिचा ने गोल दागकर टीम को 2-0 से जीत दिलाई।
इसी तरह शाहजहांपुर की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। छठे मैच में शाहजहांपुर और बिजनौर के मध्य भिड़ंत देखने कोमिली। स्थानीय टीम के वीरेंद्र व ललित ने शानदार गोल कर टीम को 3-0 से विजय दिलाई। इससे पहले एसपी एस. आनंद ने बरेली जोन की बिजनौर, संभल, बरेली, मुरादाबाद, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर आदि की टीमों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उन्होंने एसपी सिटी संजय कुमार के साथ आसमान में रंग-बिरंगी गुब्बारे छोड़कर उद्घाटन किया। मैच में रेफरी का जिम्मा दिलीप शर्मा, कौशल किशोर, मोहम्मद अनवर, आशु भारती, प्रवीण कुमार ने संभाला। टूर्नामेंट का समापन शुक्रवार शाम को पांच बजे होगा। अंत में अतिथियों का आभार आरआई अब्दुल रईस खां ने व्यक्त किया।
स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के उद़घाटन पर मार्च पास्ट करते शाहजहांपुर के खिलाड़ी- फोटो : SHAHJAHANPUR
स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंतरजनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।- फोटो : SHAHJAHANPUR
स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के उद़घाटन पर मार्च पास्ट करते रामपुर के खिलाड़ी- फोटो : SHAHJAHANPUR