- जलालाबाद के मुख्य चौराहे पर शिक्षक से टप्पेबाजी, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। नगर के मुख्य चौराहे पर बृहस्पतिवार शाम टप्पेबाजों ने एक शिक्षक की कार से बैग उड़ा लिया। बैग में जरूरी कागजात के अलावा पांच हजार रुपये रखे थे।
अलीगढ़ निवासी सतीश कुमार ब्लाॅक मदनापुर के गांव अकबरपुर तिरिया स्थित प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। वह जलालाबाद के मोहल्ला आजादनगर में किराये पर रहते हैं। शाम करीब चार बजे वह स्कूल बंद करके कार से घर लौट रहे थे। नगर के मुख्य चौराहे पर ट्रैफिक की वजह से कार धीमी की तभी एक युवक ने उनसे कहा कि कार के इंजन से ऑयल गिर रहा है।
सतीश ने युवक की बात सुनकर कार किनारे लगाई और नीचे उतरकर कार का बोनट उठाकर इंजन चेक करने लगे। समझ में न आने पर वह बोनट बंदकर ड्राइविंग सीट पर पहुंचे तो देखा कि बराबर वाली सीट पर रखा उनका बैग गायब था। बैग में पांच हजार रुपये, स्कूल की दो चेकबुक, चाबियां व कागजात रखे थे। नौ फरवरी को टप्पेबाज इसी तरह मदनापुर क्षेत्र के गांव लश्करपुर निवासी कुलेश की बाइक पर टंगा थैैला ले गए थे। उसमें करीब चार लाख रुपये के जेवर थे।