शाहजहांपुर। केरूगंज में शनिवार की रात बेसन व्यापारी की दुकान में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक चोर कैमरे से बचने के लिए खाली बोरी से अपने चेहरे को छुपाता नजर आ रहा है। चोर ने दुकान के गल्ले में रखे पाैने तीन लाख रुपये चोरी कर लिए थे।
अजीजगंज निवासी कैलाश चंद्र गुप्ता की केरूगंज में बेसन की थोक और फुटकर की दुकान है। रविवार सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो चोरी होने की जानकारी हुई। दुकान के अंदर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। चेहरा सीसीटीवी कैमरे कैद न हो, इसके लिए चोरों ने एक सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया। दूसरे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदल दी थी। इसके बाद भी बचे एक कैमरे से बचने के लिए चोर ने अपने चेहरे के सामने बेसन का खाली बोरा लगा लिया। उसका चेहरा कैमरे में नहीं आया है। बोरा लगाने के बाद चोर कई कदम दुकान के अंदर चला भी है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद भी चोर की पहचान नहीं हो पाई है। दुकानदार ने चोरी की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।