छात्रा के शव को पिता ने दी मुखाग्नि
थाना सदर बाजार क्षेत्र की सेठ इन्क्लेव निवासी चौकीदार नक्षत्रपाल की 22 वर्षीय बेटी मिलन से मंगलवार को आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
फिल्म स्टार राजपाल यादव के सेठ इन्क्लेव स्थित मकान की रखवाली करने वाले थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव चारखौला निवासी नक्षत्र पाल की बेटी आर्य महिला इंटर कॉलेज में बीए सेकेंड इयर की छात्रा थी। उनकी पत्नी सुखदेवी परिवार का गुजारा चलाने के लिए दूसरे घरों में बर्तन मांजती हैं। मिलन को अपने परिवार की तंगहाली नहीं देखी जा रही थी। परिवार पर उसकी शादी करने का बोझ था। मई 2015 में मिलन की शादी भी तय होने के बाद दहेज की खातिर टूट गई थी। मंगलवार को मिलन ने अपने घर की छत पर केरोसिन ऑयल डालकर आग लगा ली थी। उसे गंभीर अस्वथा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात करीब दस बजे मिलन ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया। मिलन की मौत से परिवार में मायुसी छायी हुई थी। मां सुखदेवी दहाड़े मार-मारकर रो रही हैं। पिता नक्षत्र पाल, भाई रंजीत और रामप्रताप व बहन मोहनी मिलन की मौत से काफी दुखी हैं। लाल पुल शमशान घाट पर हुए अंतिम संस्कार में नक्षत्र पाल ने मिलन के शव को मुखाग्नि दी। इस मौके पर रिश्तेदार और गांव के लोग भी मौजूद रहे।