नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की बुधवार को हुई बैठक में 11 जुलाई को होने वाली रेलों की चक्काजाम हड़ताल को सफल बनाने के लिए गोपनीय रणनीति बनाई गई। हड़ताल को नेतृत्व देने के लिए यूनियन पदाधिकारियों की दो टीमें गठित की गई हैं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए शाखा अध्यक्ष ओम शिव अवस्थी ने कहा कि हड़ताल के दौरान नेतृत्वकर्ताओं की धरपकड़ होने की दशा में दूसरी टीम रेल कर्मचारियों का नेतृत्व करेगी। शाखा सचिव नरेंद्र त्यागी ने आसपास के स्टेशनों पर तैनात रेलकर्मियों को हड़ताल में पूरी सहभागिता करने के निर्देश दिए। सहायक सचिव सुनील तिवारी ने आश्वस्त किया कि यूनियन के निर्देश पर सोमवार को अभियंत्रण विभाग कके ट्रैक मैन ड्यूटी पर नहीं जाएंगे। बैठक में राकेश मिश्रा, सोमवीर, नरेंद्र पाल, मुनेश्वर, रवि कुमार, उत्तम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, एके गौतम, रामहरि मिश्रा, राजकुमार, एके तिवारी आदि मौजूद रहे।