नगरपालिका सभागार में रविवार की सुबह पालिका परिषद अध्यक्ष तनवीर खां ने विशेष बजट बोर्ड और साधारण बोर्ड बैठक में वर्ष 2016 - 17 के लिए 87 करोड़ 80 लाख 55 हजार रुपये आय एवं 87 करोड़ 77 लाख 85 हजार 603 रुपये व्यय का अनुमानित बजट पेश किया। इसे सर्वसम्मति से दोनों ही बोर्ड में पारित कर दिया गया। इसमें नए वित्तीय वर्ष में शहर के हर गली और सड़क को पक्का करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बजट में पूरे शहर में समुचित प्रकाश व्यवस्था के साथ ही पेयजल आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण पर फोकस है। इसके लिए चार चौराहों पर 110 फीट ऊंची एलईडी वाले हाईमास्ट लगेंगे एवं नए ओवरहेड टैंकों के अलावा नए ट्यूबवेल का निर्माण भी कराया जाना प्रस्तावित है। पारित बजट में अनियोजित ढंग से तेजी से विस्तारित पालिका क्षेत्र अंतर्गत शहरी रिहायशी इलाकों की कच्ची गलियां और सड़कों पर विशेष फोकस रहा। नए बसे रिहायशी इलाकों में चिन्हित की गई करीब 150 कच्ची गलियों को साल भर में पक्की करने का लक्ष्य एवं अनुमानित व्यय निर्धारित हुआ है। ऐसे पांच वर्ष पहले बने एवं नई आबादी वाले इलाकों के कुल करीब 450 सड़कों को पक्की कराया या उनकी मरम्मत का काम साल भर की अवधि से पहले ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लोधीपुर, मेहमानशाह, मघई टोला, सराय काइयां, किला, नवादा आदि मोहल्लों में नई पेयजल पाइप लाइनों का नेटवर्क भी साल भर की अवधि से पहले ही बिछाकर पेजयल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में बजट में 912.65 लाख रुपये के जिला योजना के प्रस्ताव, 125.90 लाख रुपये के प्रकाश अनुभाग के प्रस्ताव, 109.50 लाख रुपये के वर्कशाप अनुभाग के प्रस्ताव और 66 लाख रुपये के जलकल अनुभाग के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में शहर के 55 मार्गों से अतिक्रमण हटाने के उपरांत नाली और सड़क निर्माण के अलावा इंटरलाकिंग के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। सिर्फ मोहल्ला न्यू मोहम्मद अली मार्केट (सब्जी मंडी क्षेत्र) की आंतरिक गलियों और सड़क निर्माण के प्रस्ताव को अगली बोर्ड बैठक में रखना तय हुआ। साथ ही पंचवर्षीय कर निर्धारण प्रस्ताव (बजट प्रस्ताव संख्या नौ) को निरस्त कर दिया गया। पालिका की भूमि एवं दुकान के नामांतरण, नवनिर्माण, पुनर्निर्माण या परिवर्धन हेतु शुल्क, किराया या प्रीमियम के निर्धारण एवं इस संबंधी प्रकरणों के निस्तारण संबंधी प्रस्ताव (बजट प्रस्ताव संख्या 11) को विस्तार से चर्चा करने के बाद अगली बोर्ड बैठक में रखने का फैसला हुआ।
दोनों बैठकों में ये मौजूद रहे
अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर, सहायक अभियंता राजेंद्र श्रीवास्तव, कर निर्धारण अधिकारी राजेश गुप्ता, लेखाकार गिरीश बहादुर सिंह, कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ओम प्रकाश शर्मा, सभासदगण नीलम गुप्ता, मोहसिन अली, हेमा देवी, अनिल, अनिल कुमार, शीला मौर्या, नूर फातमा, शोएब अहमद, नरेंद्र चंद्र मौर्या, नौशाद, फूलश्री, जोगेंद्र पाल, दुलारी देवी, राशिद खां, दुर्गेश कुमार गुप्ता, रजिया बेगम, मुनीर जहां, कमर अख्तर, अनवार, राम सनेही, अवधेश कुमार, मीरा वर्मा, संतोष वर्मा, मुनतका बेग, कयूम, मो. असलम, मंजू मिश्रा, राम खिलावन, शिवओम, शकीला बेगम, अशरफी सिंह, मुजीबुर्रहमान खां, अनूप कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सक्सेना, नवनीत, अतुल, मीरा, आसिफ सलीम खां, माधुरी रस्तोगी और अनुपमा कटियार एवं नामित सभासद नाहिद अंसारी, मो. नसीम खां, राजकुमार वाल्मीकि और अनिल दास।
शहर में चौमुखी विकास कराएंगे : तनवीर
शाजहांपुर। नगरपालिका अध्यक्ष तनवीर खां ने वर्ष 2016 - 17 के लिए अनुमानित बजट को विशेष बजट बोर्ड और साधारण बोर्ड बैठक में पारित होने के बाद मीडिया से कहा कि यह शानदार बजट पास हुआ है। इससे शहर में चौमुखी विकास कार्य कराए जाएंगे। अगले वित्त वर्ष में जनता को दिखाई देगा कि नगरपालिका परिषद ने शहर में कुछ नया कर दिखाया है। नगर की जनता ने अपना वोट रूपी आशीर्वाद जो सपा को दिया है, उसका कर्ज उतारने के लिए कार्यों के माध्यम से जितनी भी कोशिश की जाए, वह कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सूबे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अगुवाई वाली सपा की सरकार और नगर विकास मंत्री मो. आजम खां के रहते हुए शाहजहांपुरवासियों को पूरे नगर में विकास ही विकास दिखाई देगा।
जिला योजना से कराए जाने वाले काम एकनजर में
- 376.50 लाख रुपये से गलियों में इंटरलाकिंग रोड निर्माण
- 233.75 लाख रुपये से निकाय की सड़कों पर हाटमिक्स कार्य
- पेयजल के लिए 74 लाख रुपये से इंडिया मार्का टू हैंडपंप
- 35 लाख रुपये पेयजल पाइप लाइन विस्तार कार्य
- 40 लाख रुपये से 90 वाट एलईडी स्ट्रीट लाइट के बिजली पोल लगेंगे
- 105 लाख रुपये से 150 वाट एलईडी फ्लड लाइट के मिनी हाईमास्ट लगेंगे
- 48.40 लाख रुपये से 200 वाट एलईडी फ्लड लाइट हाईमास्ट लगेेंगे
बजट में स्वीकृत अन्य प्रमुख प्रस्ताव
- अनवासीय भवनों - भूमि हेतु स्वकर निर्धारण नियमावली के तह बैंक और थ्री स्टार होटल को छोड़ अन्य सबी दुकान, निजी होटल, कांप्लेक्स, कोचिंग और प्रशिक्षण संस्थान का गुणांक पांच गुना के स्थान पर तीन गुना होगा ताकि जनता पर बोझ न पड़े
- अमृत योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन की गाइडलाइन के तहत डोर टू डोर कूड़ा उठाने के सापेक्ष भवन मालिक या दुकानदार से यूजर चार्जेज स्वीकृत।
- सभी 44 वार्डों में दो - दो सफाई कर्मी आउटसोर्सिंग पर रखेंगे
- कांशीराम कालोनी में सफाई के लिए 12 कर्मियों को आउटसोर्सिंग पर रखेंगे