शाहजहांपुर। होली के मौके पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस को लेकर हुई बैठक में एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने तेवर दिखाए तो बात बिगड़ गई। लाट साहब कमेटी के आयोजक अपनी बात खत्म कर बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। एसपी एस.आनंद तक बात पहुंचने के बाद मामले को संभाला गया। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजकों व पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत कर भ्रम खत्म किया गया
जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से निकालने को लेकर रूट मार्च और शांति समितियों की बैठकों का आयोजन किया जा रहा। रविवार शाम को कोतवाली में बैठक में जुलूस के आयोजकों व सहयोग करने वालों को बुलाया गया था। इसमेें निवर्तमान सभासद ने पिछले जुलूस के दौरान एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की बात कही गई। इस पर एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने पुलिसिया अंदाज में कुछ ऐसा कह दिया, जो आयोजकों को नागवार गुजरा। कमेटी के उपाध्यक्ष संजय वर्मा ने पुलिस की भाषा का एतराज जताया । कहा कि जुलूस का सहयोग करने वालों के बीच ऐसी बात नहीं करनी चाहिए थी। उनकी बात से नाराज होकर संजय वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी बैठक से बाहर आ गए। कमेटी के पदाधिकारी रूट मार्च में भी शामिल नहीं हुए।
मामला एसपी एस.आनंद तक पहुंचा तो उन्होंने इसे संभालने का प्रयास शुरू किया। आयोजकों से संपर्क साधकर सोमवार को बुलाया गया। एसपी का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह बैठक में शामिल नहीं हुए। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट आशीष सिंह, सीओ सिटी एपी सिंह, एलआईयू इंस्पेक्टर और आयोजन कमेटी के संजय वर्मा आदि से वार्ता की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जो बात कही गई थी, वह गड़बड़ी करने वालों के लिए थी न कि सहयोग करने वालों के लिए। तब जाकर मामला शांत हुुआ।
-एसपी सिटी बैठक ने गणमान्य लोगों के बीच ऐसी बात कही, जो ठीक नहीं थी। इसी के चलते बैठक को छोड़कर बाहर आ गए थे। हम लोग जुलूस में हमेशा ही सहयोग करते आए हैं। - संजय वर्मा, उपाध्यक्ष, बड़े लाट साहब जुलूस कमेटी।
जुलूस के आयोजकों को बुलाकर वार्ता की गई थी। उनका भ्रम खत्म कर दिया गया। बता दिया कि जो बात कही थी, वह उनके लिए नहीं थी। आयोजक भी संतुष्ट हो गए हैं। -एस.आनंद, एसपी
हमने यह कहा था कि कोई आपराधिक कृत्य करता है तो उससे कानून निपटेगा। हमने कोई ऐसी बात नहीं की है, जो किसी को खराब लगी हो। हो सकता है कि किसी को भ्रम हुआ हो। - सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी
लाट साहब के जुलूस मार्गों का डीएम ने किया निरीक्षण
शाहजहांपुर। होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूसों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सजग हो गया है। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए और बाद में स्वयं जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी को तैनाती क्षेत्र में आवश्यक प्रबंध कर चार मार्च तक आख्या देने, जुलूस मार्ग में पड़ने वाले बिजली के ढीले तार तत्काल ठीक कराने, खुले हुए ट्रांसफार्मरों को ढकने, सड़क पर गड्ढे ठीक कराने, सीवर के मेन होल तत्काल बंद कराने आदि दिशा निर्देश दिए। एडीएम फाइनेंस त्रिभुवन, सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह, एएसपी सिटी सुधीर जायसवाल, एएसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद