अवैध वसूली पर भड़के नर्सिंग के छात्र-छात्राएं
बरेली मोड़ के एक स्कूल में नर्सिंग की ट्रेनिंग ले रहे छात्र-छात्राएं स्कूल प्रबंधन द्वारा विभिन्न मदों में फीस के नाम पर हजारों रुपये वसूलने पर शुक्रवार को भड़क उठे। उन्होंने शुक्रवार को करप्शन फ्री इंडिया के पदाधिकारियों को साथ लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष बीएन सिंह यादव के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह से मिले और उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा एनओसी और जमा किए गए मूल दस्तावेज लौटाने के नाम पर 23 हजार रुपये जबरन लिए जा रहे हैं। विरोध करने पर छात्र-छात्राओं को चरित्र प्रमाण पत्र पर प्रतिकूल आख्या दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। छात्र-छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अवैध वसूली के मामले में एफआईआर दर्ज कराने के साथ मूल दस्तावेज दिलाए जाने की मांग की गई है। प्रदर्शन में सुरभि सिंह, प्रिया कश्यप, श्वेता सिंह मौरिस, प्राची शुक्ला, मोहित, मयंक मिश्र, प्रियंका शुक्ला, प्रीति शर्मा, पुष्पा रानी, रश्मि राठौर, रजनी यादव, पूजा पटेल, सुरेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।