पुवायां। शनिवार सुबह मामूली बारिश होने पर ही रामलीला मैदान तालाब बन गया। इससे मेले में आए दुकानदारों का काफी सामान खराब हो गया।
नगर पालिका ने जेबां रोड पर दोनों तरफ नाला निर्माण कराया है। खुटार रोड के जेबां चौराहे से रामलीला मैदान तक बने नाले को बनाने के बाद खुला छोड़ दिया। इससे खुटार रोड तक का पानी रामलीला मैदान में जाता है। शनिवार सुबह मामूली बरसात में ही सारा गंदा पानी रामलीला मैदान में भर जाने से मैदान तालाब जैसा बन गया। इस समय रामलीला मेला चल रहा है और दुकानें झूले आदि लग रहे है। मैदान पर पानी भरने से कई दुकानदारों का सामान खराब हो गया। साथ ही मेला देखने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अगर आगे भी बारिश होती है तो मेले के रंग में भंग पड़ सकता है।
मेला मैदान में खुला नाला छोड़ना गलत
नाला निर्माण तो करा दिया गया लेकिन पानी निकास की कोई व्यवस्था नहीं की गई। रामलीला मैदान में नाला खुला छोड़ दिया गया है। इससे बारिश का सारा पानी मैदान में भर गया। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष को कई बार फोन किया। उन्होंने आश्वासन दिया लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। अगर आगे और बारिश हुई तो मेला कराने में बाधा होगी। - राकेश मिश्रा, मंत्री रामलीला समिति पुवायां
कसभरा अस्तल में तालाब बनी गली
पुवायां। नगर के मोहल्ला कसभरा अस्तल में आरएसएस कार्यालय के पास तालाब में मोहल्ले की नालियों का पानी जाता है, लेकिन तालाब से पानी का निकास नहीं होने के कारण बारिश में पानी बाहर निकलकर गलियों में भर जाता है। शनिवार सुबह बारिश में पानी तालाब के बाहर निकलकर आरएसएस कार्यालय के पास गलियों तक भर गया। इससे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
नाले का पानी निकास बनवाने के लिए शासन से राशि मांगी गई है। राशि मिलने पर नाला निर्माण पूरा कराकर पानी निकास कराया जाएगा। तब तक मिट्टी डलवाकर पानी मैदान में जाने से रोका जाएगा। आरएसएस कार्यालय के पास तालाब ओवरफ्लो हो गया है। उसके पानी निकास की व्यवस्था की जाएगी। - धर्मवीर सिंह, ईओ नगर पालिका पुवायां