फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री सुरेश खन्ना ने विद्युत और जल निगम के अधिशासी अभियंता को फटकारा

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शासन से बिजली की भरपूर सप्लाई और पेयजल योजनाओं का भारी भरकम बजट जारी होने के बाद भी जनता परेशानी भुगत रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि लापरवाही की असल वजह सुस्त अफसरशाही है। नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में पहुंचे प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को भी ऐसी ही स्थिति मिली तो उन्होंने देहात में बिजली संकट पर सख्त नाराजगी जताई। पेयजल पुनर्गठन परियोजना के कार्य में शिथिलता बरतने पर अधिशासी अभियंता को फटकार भी लगाई।
विज्ञापन

विकास भवन सभागार में बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंत्री सुरेश खन्ना ने ग्राम टीकरी एवं घुसगवां में विद्युत कटौती को लेकर नाराजगी जाहिर की। अधिशासी अभियंता विद्युत रंजीत कुमार को फटकार लगाई। अधिशासी अभियंता ने अधिक लोड होने के कारण बिजली आपूर्ति में दिक्कत की बात बताई। मंत्री ने विद्युत की अतिभारिता (ओवरलोडिंग) दूर करने के लिए प्रस्ताव बनाकर डीएम को भेजने के लिए निर्देशित किया। सुरेश खन्ना ने ट्रांसफार्मरों को अपलिफ्ट करने और खुले ट्रांसफार्मर को ढकने के लिए भी प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए कहा। सुरेश खन्ना ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार किसी भी दशा में सिंचाई के लिए लगाए पंप के कनेक्शन न काटे जाएं।
अमृत योजना एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना अंतर्गत शाहजहांपुर में पेयजल पुनर्गठन परियोजना के लिए किए जा रहे कार्य में शिथिलता बरतने पर अधिशासी अभियंता जल निगम को मंत्री ने फटकार लगाई। तेजी से काम कराने के निर्देश दिए। अभियंता ने दिसंबर तक काम कराने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट, राज्य स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत आईटीएमएस परियोजना की प्रगति के बारे जानकारी ली। मंत्री ने डूडा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को किस्त के लिए धनराशि की मांग करने के लिए कहा। बैठक के दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक से पूर्व वित्त मंत्री और डीएम ने उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।
विज्ञापन

ऑडीटोरियम का निकास द्वार अलग करने का निर्देश
वित्त मंत्री ने डीएम के साथ अंटा चौराहे के पास स्थित निर्माणाधीन ऑडीटोरियम का निरीक्षण किया। मंत्री ने निर्माण की प्रगति को जाना व ऑडिटोरियम की पार्किंग में निकासी द्वार न होने पर इसे बनवाने का निर्देश दिया। ऑडीटोरियम में प्रवेश और निकास का एक ही द्वार बनवाया जा रहा है। डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारी को इसके लिए निर्देशित किया।
उत्सव भवन का लोकार्पण
निगोही के खिरिया खुर्द गांव में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने उत्सव भवन का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि लोक कल्याण के लिए उत्सव भवन को उपहार बताया। इस दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक ओमप्रकाश अवस्थी, पंकज अवस्थी, मनोज सिंह, संतोष मौर्य, लाल सिंह, बालिस्टर, वीरपाल, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें