न्याय पाने को पीड़ित परिवार ने शुरू की भूख हड़ताल
चोरी गए पशुओं के बदले फिरौती मांगे जाने और शिकायत करने पर थाने में अपमानित जाने पर पशु स्वामी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने के मामले में न्याय पाने को मृतक की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने कलक्ट्रेट में बुधवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस मामले में जलालाबाद क्षेत्र की रहने वाली निवासी विमला देवी ने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की गुहार की। जलालाबाद क्षेत्र के गांव चंदिउरा बहादुरपुर निवासी विमला देवी के अनुसार गत वर्ष दस दिसंबर को उनके दो भैंस चोरी हो गए। इसकी थाने में तहरीर दिए जाने पर एक व्यक्ति ने खुद को जलालाबाद कसबे के मोहल्ला नौसारा का रहने वाला बताते हुए पशुओं के बदले 25 हजार रुपये फिरौती मांगी। थाने में इसकी शिकायत किए जाने पर पुलिस ने यह कहकर भगा दिया कि पैसा नहीं दे सकते तो कहीं जाकर मर जाओ। डीएम के नाम दिए ज्ञापन में विमला ने कहा है कि थाने में हुए अपमान से क्षुब्ध होकर उनके पति घनश्याम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने और चोरी हुए पशु बरामद कराने की गुहार की। उनके साथ भूख हड़ताल में मैना देवी, छोटेलाल, रजनेश कुमार, मूर्ति देवी, रामदेवी, सुनील, सचिन, वीरपाल, सोनपाल आदि शामिल रहे।