केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का करें प्रचार
भाजपा की बैठक में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष के कचहरी स्थित आवास पर हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मोदी सरकार ने किसानों-मजदूरों के लिए जो लाभकारी योजनाएं चलाई हैं, उनका प्रचार-प्रसार गांव-गांव बहुत जरूरी है। इस अवसर पर उन्होंने छह अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस को सफल बनाने और आजीवन सहयोग निधि से सहयोग करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय महामंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि कार्यकर्ता विधान सभा चुनाव की तैयारियों के लिए अभी से प्राणपण से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव की पराजय का बदला कार्यकर्ता विधानसभा की सभी सीटें जीतकर ले। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह विधानसभा चुनाव की सभी सीटें जितवाने का संकल्प लें, ताकि हर ओर कमल ही दिखाई दे। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए सेक्टरवार रचना तैयार कर ली गई है, आगामी चुनाव इसी रणनीति पर लड़ा जाएगा। महामंत्री डीपी सिंह के संचालन में हुई बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबूराम गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्र, आनंद सहाय, रजनीश दीक्षित, मलिखान सिंह लोधी, सतेंद्र सहाय, डॉ. राम लड़ैते कनौजिया, अनुराधा रमानी, मंजुला बाथम, चंद्रकांता सिंह, रम्मन गुप्ता, विमलेश सक्सेना, गंगाराम मिश्र, अरविंद राजपाल आदि मौजूद रहे।