भाजपा नेता के खिलाफ धरने पर बैठे दंपति
तिलहर तहसील के गांव गुरगवां निवासी रामप्रकाश और उनकी पत्नी रानी देवी ने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता पर सरकारी आवास हड़पने की कोशिश करने और इसका विरोध करने पर धमकाने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में शुक्रवार को कलक्ट्रेट में दंपति ने धरना दिया। उन्हाेंने डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन देकर इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। रामप्रकाश ने बताया कि वर्ष 1995 में नसबंदी कराने पर तत्कालीन ग्राम प्रधान रामकुमार उर्फ मनकू ने उन्हें सरकारी आवास दिलाया था। उनके मकान के पास गांव के ही एक भाजपा नेता अपना स्कूल चला रहे हैं। स्कूल परिसर बढ़ाने के लिए भाजपा नेता ने उनका आवास हड़पने की कोशिश में हैं। इसका विरोध करने पर परिवार समेत गांव छोड़ने के लिए धमका रहे हैं। दंपति के अनुसार निगोही थाना और टिकरी पुलिस चौकी पर शिकायत करने पर पुलिस ने भाजपा नेता के इशारे पर समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस संबंध में गत सात अप्रैल को तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन जांच को नियुक्त कर्मचारियों ने भाजपा नेता से मिलीभगत करके उच्चाधिकारियों को गलत रिपोर्ट देकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया।