शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से शहर की खस्ताहाल सड़कों में सुधार लाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके साथ ही नाले बनाए जाएंगे। कुओं और तालाबों का सुंदरीकरण होगा। इसको लेकर प्रस्ताव तैयार कराया गया है।
पिछले दिनों नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री व महापौर अर्चना वर्मा की मौजूदगी में हुई थी। इसमें शहर में विकास कार्यों को कराने का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें शामिल कार्यों में 169 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए शासन को भेजने की तैयारी है। इससे पहले बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पर मोहर लगनी बाकी है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड की बैठक के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। जहां से स्वीकृति मिलते ही इस पर कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।
विस्तारित क्षेत्रों की सड़कें रहेंगी प्राथमिकता में
प्रस्ताव में नगर निगम क्षेत्र के विस्तारित क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता में रखा गया है। इनमें चिनौर, लालपुर, साउथ सिटी की सड़कें शामिल हैं। इनके अलावा आवास विकास कॉलोनी, कांशीराम कॉलोनी, गदियाना की सड़कों को भी ठीक करवाया जाएगा।
23 कुओं का होगा सुंदरीकरण
शहर में कई कुएं हैं, जोकि अपनी महत्ता खोते जा रहे हैं। इसको बरकरार रखने के लिए नगर निगम की ओर से कवायद की गई है। इसके तहत शहर के 23 कुओं के सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जो स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
नालों का होगा निर्माण
पानी की निकासी के लिए नालों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। इसलिए प्रस्ताव में नालों के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। शहर के चिनौर, लोदीपुर, रोजा और लालपुर में नाले बनाए जाएंगे। शहर में भी कुछ स्थानों पर नालों का निर्माण करवाया जएगा।
कान्हा गोशाला का होगा निर्माण
नगर निगम की ओर से वर्तमान में मघई टोला में एक कान्हा गोशाला और पुवायां रोड स्थित नहर विभाग के गेस्ट हाउस में एक नंदीशाला का संचालन किया जा रहा है, जबकि मघई टोला में ही दूसरी कान्हा गोशाला बन रही है। इसके अलावा एक और गोशाला बनाने का प्रस्ताव भी है।
राज्य वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग के तहत होंगे कार्य
शहर में सड़कों, नालों के निर्माण, तालाबों के सुंदरीकरण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए राज्य वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग तथा सीमा विस्तारित क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास नगरिया पेयजल योजना के तहत किया जाएगा। इसके लिए डीएम की ओर से स्वीकृति मिली है।
हैंडपंपों ओर नलकूपों की होगी स्थापना
नगर निगम की ओर से विकास कार्यों के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव में हैंडपंपों और नलकूपों की स्थापना का प्रस्ताव भी शामिल है। इनके अलावा अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण, सीवरेज एवं जल निकासी प्लान के तहत भी कार्य कराए जाने की योजना तैयार की गई है।
169 करोड़ रुपये से शहर में विकास कार्य कराए जाने का लक्ष्य है। इसका प्रस्ताव कार्यसमिति के सामने रखा गया था। अब इसे बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। जहां से स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू करवाया जाएगा। - आशीष त्रिवेदी, शाहजहांपुर