रेलवे कर्मियों की 11 जुलाई को प्रस्तावित हड़ताल सफल बनाने के लिए केंद्र और राज्य कर्मचारी संगठनों ने भी अपना समर्थन दे दिया है। एक मंच पर आए संगठनों ने रविवार को बैठक कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के शाखा सचिव नरेंद्र त्यागी ने कहा कि 11 जुलाई को रेलवे के साथ सभी कर्मचारी संगठन साथ होंगे और सभी के सहयोग से हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने राज्य और केंद्रीय कर्मचारी संगठनों से अपील की कि वह पूरे जोशोखरोश के साथ एकजुटता का परिचय देते हुए हड़ताल में शामिल हों, ताकि केंद्र तक अपनी बात पहुंचाई जा सके और हड़ताल का मकसद पूरा हो सके। वरिष्ठ सदस्य वीएस त्रिवेदी ने 1974 की हड़ताल का हवाला देते हुए अपने अनुभव बांटे और उसी अनुरूप एकजुटता पर बल दिया। सहायक सचिव राकेश मिश्रा ने बताया कि राज्य संगठनों के समर्थन के पत्र बराबर प्राप्त हो रहे हैं, उससे लगता है कि हड़ताल ऐतिहासिक होगी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अनिल दीक्षित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र सक्सेना, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री देवेश वाजपेयी ने समर्थन की घोषणा करते हुए सुझाव भी रखे। शाखाध्यक्ष ओमशिव अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षक नेता प्रेमपाल गंगवार, एसपी चावला, सुनीत तिवारी, महावीर सिंह, सुनील मालवीय, नरेंद्र पाल, नत्थू, सोमवीर, बाबूराम आदि ने भी विचार रखे।