तिलहर में छज्जा गिरा--सलीम का फाइल फोटो
- तीन लोग गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। मोहल्ला उमरपुर स्थित अहमद बाग की भूमि पर हो रही प्लॉटिंग में निर्माणाधीन एक मकान का छज्जा नीचे बैठे लोगों पर गिर गया। छज्जे के मलबे में पांच लोग दब गए। आसपास काम कर रहे लोगों ने बमुश्किल सभी को निकालकर सीएचसी पहुंचाया। गंभीर अवस्था में चार घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
शुक्रवार दोपहर मोहल्ला उमरपुर निवासी 27 वर्षीय सलीम, 35 वर्षीय शमीजमा उर्फ पीरा, 30 वर्षीय सिराज, 32 वर्षीय नईम उर्फ मन्नी तथा 30 वर्षीय तौफीक एक निर्माणाधीन मकान के छज्जे के नीचे बैठे आराम कर रहे थे। इसी दौरान मकान का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। आसपास खेतों और प्लॉट में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। किसी तरह सभी को छज्जे के मलबे के नीचे से निकाला गया। मोहल्ले के पूर्व सभासद अकरम खां ने परिजनों के सहयोग से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। घटना से परिवारों में कोहराम मच गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तौफीक को छोड़कर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल फल विक्रेता सलीम की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके शव को उसके घर लाया गया है। शव के घर पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शहनाज दो दिन पहले अपने मायके मालूपुर, जलालाबाद गई हुई थी। सूचना पर वह अपनी चार वर्षीय पुत्री नुजद और दो वर्षीय पुत्री नूर के साथ रोती-बिलखती घर पहुंची। अपने पति के शव से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगी। घटना के बाद संबंधित लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया है।