तिलहर। चीनी मिल के संविदाकर्मी जितेंद्र की पत्नी 25 वर्षीय छाया देवी का शव फंदे से लटका मिला।
जितेंद्र की नाइट ड्यूटी चल रही थी। वह पूर्वाह्न 11 बजे तक ड्यूटी से लौटकर आ जाते हैं। बृहस्पतिवार को जब जितेंद्र ड्यूटी से घर लौटकर आए तब उन्होंने पत्नी को न देख अपनी मां मुन्नी देवी से पूछा। उन्होंने बताया कि बहू कमरे में होगी। इसके बाद जितेंद्र ने पत्नी को आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। काफी देर तक आवाज देने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद लोगों के साथ मिलकर जितेंद्र ने दरवाजा तोड़ दिया। देखा कि उनकी पत्नी फंदे से लटकी हुई थी। उसके गले में दुपट्टे का फंदा पड़ा हुआ था। परिवार में चीख-पुकार मच गई। लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस को सूचना दी। उसकी चार वर्ष की एक बेटी है। अपराध इंस्पेक्टर सुनील यादव ने बताया कि मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच की जाएगी।