भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। रामचंद्र मिशन थाने से दो सौ मीटर दूरी पर तीन दिन से लापता हाईस्कूल के छात्र रामजी का शव बरामद हुआ है। गुमशुदगी की रिपोर्ट न दर्ज करने और पुलिस की लापरवाही पर भड़के परिजनों ने सोमवार शाम थाने के बाहर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी संजय कुमार ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। रात आठ बजे पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जाम लगाने वालों को रोड से हटवा दिया। परिवारवालों ने एक लड़की और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी मुनीम गुप्ता कबाड़ का कारोबार करते हैं। उनका पुत्र रामजी गुप्ता देवी प्रसाद इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। तीन दिन पहले वह अचानक फोन घर पर छोड़कर लापता हो गया था। परिवारवालों ने रविवार दोपहर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र दिया था। आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद गुमशुदगी दर्ज नहीं की। पुलिस शक के आधार पर कुछ लोगों को पकड़कर थाने लाई थी जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। सोमवार को रामजी का शव थाने से 200 मीटर दूर स्थित एक मैदान में पड़ा मिला। उसकी नाक से खून रिस रहा था। सिर पर चोट का निशान था। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन महेंद्र सिंह और उसके परिवारवाले मौके पर आ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इसके बाद भाजपा नेता रोहित गुप्ता के नेतृत्व में मृतक के परिवारवाले भारी संख्या में थाने आ गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। सरायकाइयां चौकी प्रभारी मोहन देव शर्मा ने जब समझाने का प्रयास किया तो तीखी नोकझोंक होने लगी। सूचना पर एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी के साथ थाना सदर बाजार, चौक कोतवाली पुलिस भी मौके पर आ गई। परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने के सामने रोड पर बैठ गया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक रोड जाम रहा। हालांकि बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रोड जाम कर रहे लोगों को हटवा दिया। फिर परिवारवालों को एसपी सिटी ने वार्ता के लिए बुलाया। उनके समझाने पर मृतक के पिता मुनीम गुप्ता की ओर से थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी, उसकी मां समेत दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
परिवार वालों ने थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली किशोरी उसकी मां समय दो तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जा रही है।
- संजय कुमार, एसपी सिटी।