लूट की शिकार पीड़ित महिला ऊषा गुप्ता। स्रोत: जागरुक पाठक
भावलखेड़ा। आचार संहिता लगे होने और पुलिस की सक्रियता के तमाम दावों को बदमाश चुनौती दे रहे हैं। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी श्रीकांत गुप्ता की पत्नी ऊषा गुप्ता के गले से बाइक सवार बदमाश ने सरेराह चेन लूट ली।
महिला के शोर मचाने पर लुटेरा गलियों से होते हुए फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे हैं, लेकिन रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। ऊषा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मोहल्ला चौक में अपने भाई के घर जा रहीं थीं। वह घर से मुख्य सड़क के लिए जैसे ही पैदल निकलीं, तभी लाल रंग की बाइक पर चेहरे पर रुमाल बांधे युवक ने पीछा करना शुरू कर दिया। ऊषा के मुताबिक, लुटेरे ने उनसे कुछ दूर पर बाइक खड़ी कर दी, फिर दौड़कर पास में आया और गले से सोने की चेन छीनकर बाइक पर बैठकर गलियों से होते हुए भाग गया।
सरेराह चेन लुट जाने पर महिला ने शोर मचाया तो भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर थाना रामचंद्र मिशन पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने पीड़ित महिला से घटना के संबंध में पूछताछ की। आसपास घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे गए। फुटेज में आरोपी महिला का पीछा करते हुए काफी दूर तक दिखाई दिया है। महिला की ओर से घटना की तहरीर दी गई है।
-मामले की सूचना मिली है। आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सौम्या पांडेय, सीओ सिटी