शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महमंद गढ़ी निवासी निसार खां के बेटे आदिल खान (25) का शव डेढ़ महीने के बाद कब्र से निकाला गया। आदिल का शव फंदे से लटका मिला था। उनकी दो मौसी ने हत्या का आरोप लगाते हुए धरना दिया। पांच दिन भूख हड़ताल पर बैठीं। डीएम के निर्देश के बाद मंगलवार को दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
15 सितंबर को आदिल का शव घर में छत के ऊपर बने कमरे में कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला था। अगले दिन उसके रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही फूटा महल स्थित कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। जानकारी के बाद आदिल की खाला मोहल्ला ककरा निवासी अर्शी ने चौक कोतवाली में तहरीर दी। आरोप लगाया कि आदिल के रिश्तेदारों ने हत्या के बाद शव को फंदे के सहारे लटका दिया। शव को गुपचुप तरीके से सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। अर्शी ने अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटे। उसकी फरियाद नहीं सुनी गई। हारकर उसने डीआईओएस दफ्तर के पास धरना शुरू कर दिया। टेंट लगाकर अर्शी ने अपनी सगी बहन देहरादून निवासी रूबी के साथ 16 दिन तक धरना दिया। इसके बाद पांच दिन भूख हड़ताल पर भी बैठीं, साथ ही सीएम हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।
हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत के बाद डीएम ने संज्ञान लिया और कब्र से शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। मंगलवार दोपहर नगर मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह व चौक कोतवाली इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह की निगरानी में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कब्र की खोदाई के बाद शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
योगी बाबा ही दिलाएंगे हमें न्याय
अर्शी खान ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी बाबा ही न्याय दिलाएंगे। काफी भागदौड़ करने के बाद सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद ही उनकी सुनवाई हुई। अर्शी ने बताया कि उनके बहनोई निसार की ढाई साल पहले मौत हो चुकी है। बहन नरगिस का इंतकाल भी छह महीने पहले हुआ था। आदिल के भाई अदनान की डेढ़ साल पहले संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। आदिल की हत्या उसके हिस्से की जमीन व मकान कब्जाने के लिए की गई है।
पुलिस की निगरानी में शव को कब्र से निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।- अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी
शव का पोस्टमार्टम करने के लिए एक डॉक्टर की व्यवस्था रहती है। पैनल के चलते एक अतिरिक्त डॉक्टर की ड्यूटी लगाई थी। - डॉ. आरके गौतम, सीएमओ