तिलहर। सरयू पुलिया मोड़ पर साइकिल में टक्कर मारने के बाद एक टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में साइकिल सवार दो और टेंपो में बैठे छह लोग घायल हो गए। इधर, चालक को पकड़कर राहगीरों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे थाना कटरा के गांव आलमपुर निवासी 19 वर्षीय अरबाज साइकिल से बाजार से घर जा रहे थे। साइकिल पर उसका साथी आसिफ निवासी मोहल्ला नजरपुर भी पीछे बैठा था। हाईवे पर स्थित सरयू पुलिया मोड़ पर तिलहर से सवारियां भरकर कटरा की ओर जा रहे टेंपो ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे अरबाज और उसका साथी घायल हो गया। टेंपो भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसमें बैठीं चार सवारियां भी घायल हो गईं। सूचना पर अरबाज के गांव के रहने वाले रेनेसां विद्यालय में कार्यरत मोहम्मद शान, चाची अफसारी बेगम और मां बावली ने मौके पर पहुंचकर अरबाज को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। टेंपो में बैठीं सवारियां प्राथमिक इलाज के बाद घर चली गईं।