तिलहर में भक्सी तिराहे पर टेंपो चालकों ने गुरुवार को पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने भक्सी तिराहे पर अपने अपने वाहन खड़ेकर दिए । उन्होंने एसपी आफिस जाकर एसपी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। चालकों का कहना है कि कोतवाली पुलिस के दलाल व एक पुलिस कर्मी प्रति गाड़ी तीन से चार सौ रुपये प्रति माह वाहन चालकों से वसूलती है। जब चाहें गाड़ी का चालान कर देती है। इतना ही नहीं टेंपो में गश्त के नाम पर पुलिस हाईवे पर निकलने वाले जानवरों के ट्रकों का पीछा करवाकर वसूली करती है। इनकार करने पर मारपीट कर गाड़ी बंद कर देने की धमकी देती है। वाहन चालकों ने पुलिस कप्तान को संबोधित ज्ञापन में बेगार व अवैध वसूली से निजात दिलाने तथा पुलिस के अत्याचार से मुक्ति दिलाने की गुहार की है।
वहीं, सीओ तिलहर विजय शंकर मिश्रा ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।