शाहजहांपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के आयोजन को लेकर जिले में तमाम कार्यक्रम होंगे। इनको लेकर तैयारियां चल रही हैं।
श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समिति महानगर के मीडिया संपर्क प्रमुख नितेश गुप्ता ने बताया कि आरएसएस और उसके अनुसांगिक संगठनों की ओर से 22 जनवरी को शहर के सभी मंदिरों में कार्यक्रम कराए जाएंगे। उससे पहले भाजपा की ओर से प्रतिदिन मंदिरों पर स्वच्छता अभियान, शहर को राममय बनाने को प्रत्येक घर पर भगवा ध्वज या राम मंदिर वाला ध्वज लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सभी घरों में रात को दीपोत्सव मनाने के साथ ही गली-मोहल्लों, बाजार व सार्वजनिक स्थलों को प्रकाशमय करने की व्यवस्था हो रही है। प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण को दिखाने के लिए ऊंची इमारतों, महत्वपूर्ण भवन और बड़े परिसर को चिह्नित किया जा रहा है। इससे वहां पर एलईडी या स्क्रीन को लगवाया जा सके। सक्षम नागरिकों को घर-घर दीपक वितरण के लिए भी प्रेरित किया गया है।