ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों की कुल 218
शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
खुटार कस्बे के अब्दुल सत्तार ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत
की। इस पर डीएम ने एसडीएम को राजस्व विभाग की टीम बनाकर तुरंत निस्तारण
कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध कब्जे की कई शिकायतें पहुंची, जिस
पर डीएम ने निर्देश दिया कि सरकारी जमीनों और चक मार्गों पर अवैध कब्जे के
मामले गंभीरता से लेकर तुरंत कब्जे हटवाए जाएं। उसी स्थान पर दुबारा कब्जा
होने पर संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई की जाए। इस
दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व, पीके श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन एमएन
उपाध्याय, एएसपी ग्रामीण मनीराम यादव, सीएमओ कमल कुमार, एसडीएम सलिल कुमार
पटेल, तहसीलदार पीएन सिंह सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।