बंडा (शाहजहांपुर)। शुक्रवार को शारदा नहर में एक किशोरी का शव पड़ा मिला। उसके पैरों में पत्थर बंधे थे। पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बीमारी से मौत की बात बताई। फिलहाल शव परिवार की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
गांव नवीनगर पुल के पास शारदा नहर में 16 वर्षीय किशोरी का सड़ा गला शव पड़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव निकलवाया। युवती के पैरों में पत्थर बंधे थे। चर्चा होने पर गांव लक्ष्मणपुर गौंटिया निवासी मोहनलाल मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी पुत्री कमला देवी के रूप में की।
मोहनलाल ने बताया कि उनकी पुत्री को 15 दिन पहले चेचक की बीमारी हो गई थी। बीमारी के दौरान सात अक्टूबर को कमला की मौत हो गई। गांव के लोगों ने कहा कि चेचक की बीमारी में शव को जलाया नहीं जाता है, इसलिए उसने शव को शारदा नहर में प्रवाहित कर दिया था। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि परिवार ने बीमारी के बाद शव नहर में बहाने की बात कही है। शव निकलवाकर परिवार की सुपुर्दगी में दिया है और दफनाने को कहा गया है।
जानकारी मिली है एक किशोरी का शव शारदा नहर में मिला था। बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई थी। नहर में शव नहीं डाला जा सकता। परिवारवालों पर कार्रवाई होगी। - पंकज पंत, सीओ पुवायां