शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला कटिया टोला निवासी शरद कुमार सक्सेना (55) ने बुधवार शाम को ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। वह निजी शिक्षक थे और बीमारी के कारण काफी समय से परेशान थे।
मामला शाम करीब छह बजे का है। शरद सक्सेना ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दे दी। शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा देखकर लोगों की भीड़ लग गई। मेमो आने के बाद सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को रेलवे लाइन से हटवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने लोगों से पूछताछ की।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लखनऊ दिशा की ओर से आ रही ट्रेन के सामने शरद कुमार सक्सेना आकर लेट गए थे। ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण चालक ने ट्रेन को रोका। चालक और गार्ड ने उसे हटा दिया। ट्रेन चलने के कुछ देर के बाद शरद अचानक उसके सामने आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि शरद बीमारी के कारण काफी परेशान रहता था।