शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होने वाले समारोह की प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विवाह के लिए मुहूर्त भी निकाले गए हैं। इन्हीं में ही एक मुहूर्त तय किया जाना है। विवाह के लिए आवेदन लगातार आ रहे हैं। इस बार शासन की ओर से 2521 विवाह का लक्ष्य दिया गया है।
समाज कल्याण विभाग के मुताबिक, विवाह के लिए आवेदक संबंधित वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कन्या और वर पक्ष का आधार कार्ड, दो लाख की अधिकतम वार्षिक आय की सीमा तक तहसील से जारी आय प्रमापपत्र, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदकों का जाति प्रमाणपत्र, शादी के लिए कन्या की आयु 18 और वर के लिए 21 वर्ष होना अनिवार्य है। आयु की पुष्टि के लिए शैक्षिक प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आधार कार्ड मान्य होंगे।
कन्या के बैंक खाते के साथ चार पासपोर्ट साइज के फोटो, कन्या या परिजनों का मोबाइल नंबर लगेगा। कन्या का अभिभावक जनपद का मूल निवासी होना चाहिए। विवाह के लिए नवंबर में 12, 13, 16, 17, 18, 22, 23, 25, 26, 28, 29 और दिसंबर में 4, 5, 9 और 14 तारीख के मुहूर्त निकाले गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए 835 आवेदन आ चुके हैं। डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी समारोह की तारीख तय करेगी।