शाहजहांपुर। प्रदेश में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए पांच बेड का वार्ड आरक्षित कर दिया। सीएमओ ने चिकित्सा अधिकारियों को सीएचसी पर दो-दो बेड की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।
सीएमओ ने सीएचसी प्रभारियों की बैठक में हर सीएचसी पर स्वाइन फ्लू के रोगियों के लिए दो बेड आरक्षित करने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी संदिग्ध मरीज मिलने पर उसकी जांच कराई जाए। मरीज के बारे में जिला मुख्यालय पर भी अवगत कराएं। वहीं दूसरी तरफ राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में स्वाइन फ्लू के लिए एक वार्ड बना दिया गया। यहां पर पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू का मरीज आने के बाद उसकी जांच कराकर उपचार की पूरी व्यवस्था है।
अभी जिले में स्वाइन फ्लू का कोई मरीज नहीं मिला है। शासन के निर्देश के क्रम में सीएचसी प्रभारियों को निर्देशित कर दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में वार्ड में पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। - डॉ. आरके गौतम, सीएमओ