शाहजहांपुर। गन्ना शोध परिषद में 21 और 22 अक्तूबर को शरद काल में मिठास मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें नवीन गन्ना किस्म कोशा 17231 की मिनी सीड किट ऑनलाइन बुकिंग के बाद किसानों को दी जाएगी।
गन्ना शोध परिषद के निदेशक डॉ. सुधीर शुक्ल ने बताया कि मेले का उद्घाटन प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी मिल वीना कुमारी करेंगी। गन्ना आयुक्त, अपर गन्ना आयुक्त सहित अनेक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। गन्ना किस्म कोशा 17231 का मिनी सीड किट मेले के पहले दिन 21 अक्तूबर को ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों को ही दिया जाएगा। ऑनलाइन बुकिंग गन्ना विभाग की वेबसाइट 10 अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। शरदकालीन किसान मेले के प्रथम दिन दो लाख बड वितरित की जाएंगी। वेबसाइट पर पेमेंट के लिए गेट-वे सिस्टम लगा है, इसलिए ऑनलाइन बुकिंग के दौरान इसका ही इस्तेमाल करें। किसी अन्य माध्यम या परिषद के बैंक खाते में सीधे भुगतान करने पर मिनी सीड किट की बुकिंग नहीं मानी जाएगी और बीज मिलने में कठिनाई होगी। मेले के दिन बीज की कोई भी बुकिंग नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से एक किसान को सिर्फ 100 बड दी जाएगी। अगर पहले दिन किसान को मिनी सीड कीट नहीं मिल पाती है तो उन्हें मेले के दूसरे दिन इसका लाभ मिलेगा। मिनी सीड किट लेने के लिए किसानों को अपना पहचान पत्र व पेमेंट का प्रमाणपत्र लाना आवश्यक है। निदेशक ने बताया कि मेले में प्रदर्शनी के साथ, गन्ना उत्पादन की विभिन्न तकनीकी, उत्पादों के स्टाल लगाए जाएंगे।