शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़िता की शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी पर पहंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी है।
शिक्षिका के पिता ने शिक्षक नेता वीरेश शर्मा पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तिलहर थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने शिक्षिका को बरामद कर कोर्ट में बयान करा दिए। पुलिस ने आरोपी वीरेश शर्मा को पकड़कर जेल भेज दिया। चार जुलाई को शिक्षक नेता के पुत्र ने तिलहर थाने में तहरीर दी। उसने शिक्षिका व राजन, आमिर निवासी डभौरा थाना तिलहर और गांव के राम बहादुर के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोप लगाया कि साजिश के तहत रंगदारी मांगने की नीयत से होटल में बुलाकर वीडियो बनाया गया था।
शनिवार को दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका की संदिग्ध हालत में तबीयत बिगड़ गई। बताते हैं कि सुबह नौ बजे पीड़िता की मां चाय लेकर पहुंची तो उसे देखा। परिजन तुरंत ही सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां उसका इलाज किया गया। सीएचसी के डॉ. रितुराज ने बताया कि शरीर में कमजोरी होने पर शिक्षिका को भर्ती कराया गया था।
वहीं दूसरी तरफ शनिवार सुबह एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसमें शिक्षिका व उसके दोस्त राजन की आवाज होने का दावा किया जा है। वीरेश शर्मा के अधिवक्ता ओम सिंह ने बताया कि ऑडियो वायरल होने के बाद स्पष्ट हो गया था कि वह रंगदारी मांगने में शामिल थी। वीडियो लड़की ने बनाया था। उसी ने राजन को देकर रंगदारी मंगवायी थी। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि वीरेश शर्मा के प्रकरण में ऑडियो वायरल होने की जानकारी नहीं है। कोई साक्ष्य सामने आने पर जांच में शामिल किया जाएगा।