शाहजहांपुर। सांसद अरुण कुमार सागर ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से उनके संसद भवन कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर जनपद शाहजहांपुर क्षेत्र की रेलवे संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। समस्याओं के शीघ्र निस्तारण और अन्य विकास के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर घटिया टाइल्स लगाने का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सांसद अरुण कुमार साागर ने बताया कि संसदीय क्षेत्र जनपद शाहजहांपुर के रेलवे स्टेशनों की स्थिति बहुत खराब है। इसका पुनर्निर्माण और सौन्दर्यीकरण कार्य होना अत्यंत आवश्यक है। मांग की गई कि जनपद शाहजहांपुर के रेलवे स्टेशन कटरा और तिलहर रेलवे स्टेशन का सौन्दर्यीकरण का कार्य करवाया जाए। यात्रियों की सुविधाओं के लिए शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढि़यों का निर्माण कार्य कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर घटिया टाइल्स लगाई जा रही हैं। इन्हें हटवाकर अच्छी टाइल्स लगवाई जाएं। स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम भी उपलब्ध कराया जाए। 40 वर्षों से बंद पड़ी रेलवे लाइनों को अवैध कब्जों से बचाने के लिए वैकल्पिक योजना के रूप में नगर निगम शाहजहांपुर को इंटरलॉकिंग/सीसी रोड के निर्माण की स्वीकृति दिलवाई जाए।