शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव जनयूरी निवासी छात्र इंद्रेश कुमार की मौत के बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक के भाई ने दो युवकों पर उधार लिए रुपये वापस न करने का आरोप लगाया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंद्रेश की मौत लटकने (हैंगिंग) से होना पुष्ट हुआ है।
22 वर्षीय इंद्रेश कुमार बीए का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे इंद्रेश घर से बैंक रुपये निकालने की बात कहकर निकला था। शुक्रवार दोपहर 12 बजे उसका शव गांव की उत्तर दिशा में शीशम के पेड़ से लटका मिला था। ऑनलाइन गेम खेलकर करीब 12 लाख रुपये जीतने वाले इंद्रेश की मौत के बाद परिजन सदमे में चले गए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पुलिस ने इंद्रेश के घर पहुंचकर फिर परिजनों से जानकारी ली। भाई मूलाराम ने थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि इंद्रेश ने क्षेत्र के गांव बिलहरा निवासी युवक को 50 हजार व गांव के युवक को 35 हजार रुपये उधार दिए थे। उसने कई बार मांगे, लेकिन रुपये देने से इन्कार कर दिया। तीसरे युवक पर घर से बुलाकर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ तिलहर बीएस वीरकुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।