तिलहर। तिलहर से कटरा की ओर जाने वाले डग्गामार वाहनों के चालकों में सवारियों को बैठाने के चक्कर में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट से बाईपास चौराहे पर जाम लग गया। वहां तैनात होमगार्ड तमाशा देखते रहे। कुछ लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया तब जाकर जाम खुला।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर विभिन्न दिशाओं में पुलिस की मिलीभगत से डग्गामार वाहन दौड़ रहे हैं। सवारियों को बैठाने को लेकर आए दिन वाहन चालक आपस में मारपीट करते रहते हैं। सोमवार दोपहर तिलहर से कटरा के बीच चलने वाले दो डग्गामार वाहनों के चालकों में सवारियां बैठाने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान चौराहे पर ड्यूटी पर मौजूद दो होमगार्ड ने पहले दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने इनकी एक न सुनी। तब वे दूर खड़े होकर तमाशा देखने लगे। कुछ देर झगड़ने के बाद लोगों ने बीचबचाव कर मामला रफा-दफा कर दिया। जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तिलहर, कटरा और शाहजहांपुर के बीच तमाम डग्गामार वाहन बिना परमिट के चलते हैं। इनमें जीप, मारुति वैन, टाटा मैजिक, टेंपो आदि वाहनों में सवारियों को ठूंसकर बैठाया जाता है। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती।