संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा (जेडी) शिव प्रकाश द्विवेदी ने बुधवार को नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर का निरीक्षण किया। राजकीय इंटर कॉलेज के निरीक्षण में उन्हें गंदगी के ढेर लगे देख उनकी त्योरी चढ़ गईं। इस पर जेडी ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने डीआईओएस कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने वित्तविहीन कॉलेजों के शिक्षकों के मानदेय की प्रगति से अवगत कराते हुए अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। जेडी ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित स्कूलोें के संचालक अथवा प्रधानाचार्य शिक्षकों की सूची उपलब्ध नहीं कराएंगे और प्रबंध समिति के चुनाव आदि औपचारिकताएं पूरी नहीं करेंगे तो उन स्कूलों को बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। साथ ही उनकी मान्यता रद करने की कार्रवाई भी की जाएगी। जेडी द्विवेदी ने कहा कि 21 नवंबर तक सभी संबंधित शिक्षकों के खातों में प्रोत्साहन मानेदय भेज दिया जाएगा, इससे पहले जिन प्रधानाचार्यों ने अभी तक शिक्षकों की सूची और अन्य जरूरी प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वह शीघ्रता करें, अन्यथा उनके कॉलेज को बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। इसके अलावा लैपटॉप वितरण के लिए सूची डीआईओएस कार्यालय में उपलब्ध हो गई है। लैपटॉप वितरण की तिथि शीघ्र ही घोषित कर दी जाएगी। इस मौके पर शिक्षक विधायक संजय मिश्र, डीआईओएस डॉ. केएल वर्मा आदि मौजूद रहे।