शाहजहांपुर। जैतीपुर क्षेत्र में फतेहगंज पूर्वी से दातागंज जाने वाला निर्माणाधीन स्टेट हाईवे इन दिनों सुर्खियों में है। 22 दिसंबर को इस मार्ग पर कार निर्माणाधीन पुलिया पर चढ़कर लटक गई थी। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। पुलिया में फंसी कार की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर तंज कसा। अखिलेश ने लिखा,'' वन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए क्या यही रास्ता बचा है।
अलीगढ़ के सर सैयद नगर निवासी नुमैर खान अपनी मां और छोटे भाई के साथ कार से शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के हयातपुरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। गांव मरुआझाला मढ़ी के पास निर्माणाधीन पुलिया में कार चढ़कर लटक गई थी। नुमैर के मुताबिक संकेतक और अवरोधक न होने से हादसा हुआ। हादसे में नुमैर का हाथ टूट गया और मां रेहाना के कमर की हड्डी टूट गई थी। नुमैर ने फर्म के जेई व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नुमैर ने बताया कि वह बुधवार को एसपी से मिलकर मामले में ठीक से कार्रवाई करने की मांग करेंगे। जैतीपुर थाना प्रभारी अवधेश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।