शाहजहांपुर। रक्सौल जंक्शन से आनंद विहार जाने वाली 14015 सद्भावना एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में मां की मदद के लिए चढ़े बेटों को टीटीई ने पकड़ लिया। आरोप है कि टीटीई ने महिला के साथ मारपीट करते हुए दांत तोड़ दिया। बचाव करने पर बेटों के साथ मारपीट की। पीड़ित ने रेलमंत्री, मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना सदर बाजार के मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी जहीर शाह की पत्नी जोहरा निगार लखनऊ से अपनी बीमारी का उपचार करा रही हैं। बुधवार को जहीर ने अपना व पत्नी का रिजर्वेशन सद्भावना एक्सप्रेस के एस-टू में कराया था।
बेटे फारुख व एहतेशाम के पास जनरल टिकट था। ट्रेन आने से पहले जोहरा की तबीयत बिगड़ गई। बेटों ने उन्हें बोगी में चढ़ाया। इस बीच ट्रेन चल दी। कुछ देर के बाद तीन टीटीई आ गए। आरोप है कि जुर्माना से बचने के लिए पांच सौ रुपयों की मांग की गई। फारुख व एहतेशाम ने जनरल टिकट दिखाते हुए अगले स्टेशन पर उतरने की बात कही।
टीटीई नहीं माने और कहासुनी होने लगी। बीच-बचाव करने के दौरान टीटीई ने जहीर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बचाने आई जोहरा निगार को पीट दिया। इससे उनका एक दांत टूट गया। जहीर ने बताया कि बेटे फारुख के कपड़े फट गए। उसे चलती ट्रेन से फेंकने का प्रयास किया। आरोप है कि फारुख की दाढ़ी नोंचने की धमकी दी। टीटीई ने नौ सौ रुपये की रसीद भी बना ली। जीआरपी इंस्पेक्टर रेहान अली ने बताया कि अभी शिकायत प्राप्त नहीं हुई। तहरीर आने पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।