कुछ चेत गए और खुद ही हटाया अवैध कब्जा
सरकारी नाली, नाले, मार्ग और फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वालों का चालान कर कब्जा मुक्त कार्रवाई करने संबंधी जारी डीएम के निर्देश के बाद अमर उजाला शहर के विभिन्न हिस्सों में ऐसे अवैध कब्जों की 10 से 12 अप्रैल के अंक में सचित्र समाचार प्रकाशित किया। इसका कुछ असर तो लोगों पर होता हुआ मंगलवार को दिखा भी। जिस निशात मोहल्ले में नाले और नाली का वजूद ही गायब कर अवैध कब्जा कर दुकानें और प्रतिष्ठान बना लिए गए हैं, वहां कुछ दुकानदारों ने सजगता का परिचय देते हुए खुद ही अवैध कब्जे वाला हिस्सा तोड़कर दुकान को हटाना शुरू कर दिया। रोचक नजारा नगरपालिका भवन परिसर में दिखा। विश्वनाथ मंदिर से टाउनहाल तिराहा जाने वाले मार्ग पर बिल्कुल सड़क से सटाकर पालिका भवन परिसर का नया जीना बन रहा है। जिस प्रशासनिक महकमे पर अवैध कब्जा हटाने की जिम्मेदारी है, उसी की ओर से फुटपाथ वाला छोड़ा हुआ स्थान पर भी घेरकर यह निर्माण किया गया है। दूसरी ओर मंगलवार को कचहरी मार्ग पर कुछ दुकानदार तो अब भी चेते हुए नजर नहीं आए। एक ने तो अपनी दुकान मुख्य हिस्से से कुछ फीट आगे बढ़ाकर सड़क से सटाकर बना लिया। अंटा चौराहे पर कई बार कार्रवाई का शिकार हुए होटल वाले की ओर से फिर से नाले और फुटपाथ पर काबिज होकर धंधा जारी है। इस बीच नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि अवैध कब्जेदारों को अपना कब्जा हटाने के लिए एनाउंसमेंट करवाया जा रहा है और ऐसे कब्जों का चिन्हांकन भी हो रहा है। तीन दिन बाद सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में इलाकेवार क्रम से अवैध कब्जा हटवाने की कार्यवाही शुरू की जाएगी।