शाहजहांपुर। धूप खिलने से बुधवार को ठंड से थोड़ी राहत मिली। सुबह कोहरे का भी असर कम रहा। हालांकि, सर्द हवा चलने से गलन सताती रही। मौसम विभाग के मुताबिक धूप निकलने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। 26 जनवरी को मौसम खुलने की संभावना जताई गई है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन में मौसम खुल जाएगा। धूप निकलने के साथ ही कोहरा और गलन कम होगी।