चिनौर के शहीद अमित शर्मा के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देने के बाद सेल्यूट करता बेटा रीतेश
शाहजहांपुर। हरियाणा के हिसार में सेकेंड गार्ड रेजीमेंट में तैनात अमित कुमार शर्मा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि मंगलवार को सेना सम्मान के साथ लाल पुल स्थित मोक्षधाम पर की गई। उनके छोटे भाई सुमित भी डोगरा रेजीमेंट में जवान हैं।
चिनौर निवासी रामबहादुर शर्मा के बड़े बेटे और सेना के जवान अमित कुमार शर्मा को दो साल पहले हार्ट अटैक पड़ा था तब उनका हृदय प्रत्यारोपण किया गया। उसके बाद उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। रविवार को अमित की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर चिनौर स्थित आवास पर लाया गया। मंगलवार को सेना सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से पत्नी वीनू शर्मा, बेटा नितेश (8) और पार्थ शर्मा (2) का रो-रोकर बुरा हाल है। अमित के बड़े बेटे नितेश ने पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। राष्ट्रीय पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह, महासचिव अमर सिंह, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार दीक्षित आदि मौजूद रहे।