शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में नवंबर माह की रैंकिंग जारी कर दी गई। स्वास्थ्य विभाग को छह योजनाओं में शत-प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अन्य विभागीय योजनाओं में बेहतर तरीके से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि 102 व 108 नंबर एम्बुलेंस सेवा, टेली रेडियोलॉजी, बायोमेडिकल उपकरण रखरखाव कार्यक्रम, मोबाइल मेडिकल यूनिट व सीटी स्कैन सेवाओं की समीक्षा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 10 में 10 अंक हासिल हुए हैं।
दवाओं की उपलब्धता की निगरानी में 10 में आठ अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार बहुत ही संवेदनशील है। विभाग की योजनाओं और सुविधाओं की लगातार समीक्षा होती रहती है।