लाल इमली चौराहे पर बारावफात के लिए झंडों की खरीदारी करते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। बारह रबी उल अव्वल के चांद का दीदार होने के साथ ही जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को शुरू कर दिया है। त्योहार के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों में हरे रंग के झंडे लगाए हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार और सीओ सिटी सौम्या पांडेय ने जुलूस के आयोजकों से व्यवस्था को लेकर चर्चा की। बारावफात पर निकलने वाला जुलूस-ए-मोहम्मदी 16 सितंबर को निकाला जाएगा। स्टेशन वाली नूरी मस्जिद से शुरू होने वाले जुलूस का समापन घंटाघर के पास कटहल वाली मस्जिद के पास होता है। जुलूस में हजारों लोग शामिल होते हैं। भव्य जुलूस की तैयारियां चांद नजर आने के साथ शुरू हो गई। मुस्लिम बहुल इलाकों में लोग अपने घरों और दुकानों पर हरे रंग के झंडे लगा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर जुलूस की तैयारियों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने समीक्षा शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने पुलिस लाइन में जुलूस-ए-मोहम्मदी व गणेश उत्सव की शोभायात्रा के जुलूस के आयोजकों से चर्चा की। दावत-ए-इस्लामी के पदाधिकारियों ने 16 सितंबर को निकलने वाले जुलूस के बारे में जानकारी दी। बैठक में हाफिज अनीस अत्तारी, पार्षद तालिब अली, रजी मंसूरी, सैयद कासिम रजा आदि मौजूद रहे।