विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित प्रांत स्तर की खेल प्रतियोगिता में पुवायां के छात्र ने कॉलेज और जिले का नाम रोशन करते हुए ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता है। इससे कॉलेज और परिवार में खुशी का माहौल है। पुवायां निवासी जैनेंद्र शुक्ला और अनीता शुक्ला के पुत्र शास्वत प्रज्ञ शुक्ला पुवायां के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कक्षा दस में पढ़ते हैं। 12 सितंबर को जनपद स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता था। उनका चयन प्रदेश स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिता के लिए किया गया था। प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन बदायूं के कासगंज में किया गया। शास्वत ने यहां किशोर वर्ग में ऊंची कूद में आठ प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। शास्वत अब दो अक्तूबर से उत्तराखंड के काशीपुर में होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसमें यूपी और उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे। मंगलवार को कॉलेज में शास्वत का सम्मान करते हुए प्रधानाचार्य सोमदेव मिश्रा सहित सभी आचार्यों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। शास्वत के परिवार के लोगों ने भी मिष्ठान वितरित कर खुशी जताई।